कैम्ब्रिज कॉलेज ऑफ नर्सिंग, बाड़मेर में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बाड़मेर, 25 जून। अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर स्वच्छ बाड़मेर स्वस्थ बाड़मेर परियोजना के अंतर्गत कैम्ब्रिज कॉलेज ऑफ नर्सिंग, बाड़मेर में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को वेदांता ऑयल एंड गैस का सहयोग प्राप्त था तथा इसका क्रियान्वयन बाड़मेर जन सेवा समिति द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों एवं समाज पर पड़ने वाले इसके व्यापक प्रभावों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में नर्सिंग विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशा मुक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल बल सिंह सिसोदिया, मुख्य सुरक्षा अधिकारी, वेदांता ऑयल एंड गैस रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. सिमरन, मनोचिकित्सक, राजकीय चिकित्सालय बाड़मेर तथा भाट मोहम्मद सलमान, सहायक प्रबंधक (सीएसआर), वेदांता ऑयल एंड गैस उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जलम सिंह राजपुरोहित (बाड़मेर जन सेवा समिति), जय नंधानिया, जीती पंडित एवं शिवानी राणा (वेदांता ऑयल एंड गैस) की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ कैम्ब्रिज कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य श्री शंकर भवानी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के लिए नशे के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि ये विद्यार्थी भविष्य में समाज के स्वास्थ्य संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अपने संबोधन में कर्नल बल सिंह सिसोदिया ने जीवन एवं पेशेवर सफलता में अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता डॉ. सिमरन ने नशे के कारणों, दुष्प्रभावों तथा नशामुक्ति एवं पुनर्वास की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान, उचित परामर्श और पारिवारिक सहयोग से नशे की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
इस अवसर पर भाट मोहम्मद सलमान ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि परिवार, रिश्तों, करियर और मानसिक स्वास्थ्य को भी प्रभावित करता है तथा समाज में अपराधों को बढ़ावा देता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कैम्ब्रिज कॉलेज ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियाँ देकर सभी को जागरूक किया। उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में गिरधर सिंह सोढ़ा, नेहा सोनी एवं बाड़मेर जन सेवा समिति की पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




